पिथौरागढ़। राजस्व उपनिरीक्षक शनिवार को भी पुलिस कार्यों से विरत रहे। गंगोलीहाट में भी पटवारियों ने पुलिस कार्यों से हाथ खींच लिए हैं। वहीं, पटवारियों के पुलिस कार्यों से विरत होने से ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है।
12 जनवरी 2018 को हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि छह माह बाद पटवारी राजस्व क्षेत्र में पुलिस कार्य नहीं करेंगे। इसके आदेश में 13 जुलाई से पटवारियों ने पुलिस कार्य बंद कर दिया है। राजस्व उपनिरीक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश कापड़ी का कहना है कि कोर्ट के आदेश के तहत उन्होंने पुलिस कार्य छोड़ा है। प्रांतीय संगठन की ओर से जो भी दिशा निर्देश मिलेंगे उसी के अनुसार कार्य किया जाएगा।
गंगोलीहाट के राजस्व उपनिरीक्षकों ने भी शनिवार से पुलिस के कार्य छोड़ दिए हैं। राजस्व उपनिरीक्षक मंजू बिष्ट, प्रेमा बिष्ट, बृजमोहन बिष्ट, संजय पांडे, विजय पंत, भूपाल सिंह, संजय सिंह, लछम सिंह, प्रेम गिरी, विजय साह, राजेंद्र सिंह आदि ने पुलिस कार्य न करने संबंधी ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।