पिथौरागढ़। हनुमान जयंती का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में दिनभर रामायण, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ चलता रहा। जगह-जगह प्रसाद वितरण कार्यक्रम हुए। जयंती के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद ने नगर में शोभायात्रा निकाली।
शनिवार को हनुमान जयंती पर जिले भर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। श्रद्धालु दिनभर भजन-कीर्तन में जुटे रहे। जगह-जगह हनुमान प्रतिमाओं को लड्डूओं का भोग लगाया गया। इसके साथ ही प्रसाद वितरण किया गया। जयंती के उपलक्ष्य में विहिप कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर में 13 बार चालीसा का पाठ किया। इसके बाद नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा निकाली। इस अवसर पर हनुमान मंदिर में महाआरती के साथ ही महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ।
इस दौरान जिला अध्यक्ष जगदीश पांडे, जिला मंत्री कैलाश जोशी, नगर अध्यक्ष ललित पंत, विनीत पाठक, बद्री रौतेला, सोनम पांडेय, भूपेंद्र महर, प्रदीप रावत आदि थे। दूसरी ओर नाचनी के शिव मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर सुंदरकांड का पाठ किया। पुजारी पंडित लक्ष्मी दत्त पाठक और प्रेम नारायण पाठक ने पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान गणेश दत्त, मथुरा दत्त, कमल पाठक, मथुरा जोशी आदि थे।