धारचूला (पिथौरागढ़)। उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को पत्र भेजकर एनएचपीसी की धौलीगंगा परियोजना में किराए पर लिए जाने वाले वाहनों को कम से कम चार वर्ष के अनुबंध पर रखने की मांग की है। कहा है कि इस समय एनएचपीसी सिर्फ दो वर्ष का अनुबंध कर रही है।
हर दो वर्ष बाद नए वाहनों को ही शामिल करने की बाध्यता रखी गई है, जो व्यावहारिक नहीं है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने कहा कि हर बेरोजगार टैक्सी वाहन खरीदकर आजीविका चलाता है। यदि दो साल में ही एनएचपीसी अनुबंध समाप्त कर देगी तो इससे गरीब टैक्सी चालकों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। बाजार में पहले से ही सैकड़ों वाहन हैं।
यदि हर दो साल में एनएचपीसी में किराए पर लगाने के लिए नई गाड़ियां खरीदनी पड़ेंगी तो वाहनों को खड़ा करने के लिए भी जगह नहीं बचेगी। डीएम से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। पत्र में व्यापार मंडल महासचिव नवीन खर्कवाल, नेत्र सिंह कुटियाल, लक्ष्मी परमार, भीम सिंह, लक्ष्मण कौशल, श्याम खर्कवाल आदि के हस्ताक्षर हैं।