पिथौरागढ़। शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण बैठक से गैर हाजिरी विण ब्लॉक के बीईओ पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। सीईओ ने बीईओ को बुलाने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन बैठक में आना तो दूर बीईओ ने सीईओ का फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझा। इस प्रकरण में बीईओ को कार्रवाई की चेतावनी के साथ जवाब तलब किया गया है।
पिछले दिनों मुख्य शिक्षा अधिकारी वीपी सिमल्टी ने शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में जिले के विकास खंडों और शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। जिले के आठ विकास खंडों में से सात के बीईओ बैठक में हाजिर रहे, लेकिन विण ब्लॉक के बीईओ ने बैठक में भाग नहीं लिया। उन्होंने बैठक में आने की कोई सूचना भी नहीं दी थी। इस दौरान सीईओ ने बीईओ को बुलाने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बीईओ के इस रवैये को गंभीरता से लिया है। सीईओ के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक शौकत अली ने बीईओ को चेतावनी भरा पत्र लिखकर जवाब तलब किया है। जवाब से संतुष्ट न होने पर विभागीय कार्यवाही की चेतावनी दी भी है। इस संबंध में आरोपी बीईओ गणेश सिंह ज्याला का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हुआ। मंगलवार तक आरोपी शिक्षा अधिकारी ने विभागीय उच्चाधिकारी के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं किया है।
विण बीईओ का रवैया लापरवाही भरा रहा। वह महत्वपूर्ण बैठक से बिना कारण बताए गैर हाजिर रहे। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से संपर्क भी नहीं किया। शिक्षा अधिकारी का जवाब तलब किया है। पक्ष जानने के बाद ही अग्रिम कार्यवाही की दिशा तय होगी। -शौकत अली, जिला शिक्षा अधिकारी, पिथौरागढ़