पिथौरागढ़। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्रवार को देवसिंह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय निर्वाचन क्विज प्रतियोगिता में पूजा शाहू को पहला स्थान मिला। विद्यार्थियों को निर्वाचन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मताधिकार के संबंध में जागरूक करने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की गई।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की नोडल अधिकारी कविता भगत ने बताया कि मतदाता सूची में शत-प्रतिशत नाम जोड़ने, युवाओं को मताधिकार की जानकारी देने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता कराई गई।
निर्णायक जिला शिक्षा अधिकारी शौकत अली, गौरव सिंह कार्की, मंजू आर्या ने क्विज के मूल्यांकन के बाद पूजा शाहू को प्रथम, स्वाति को द्वितीय, मोहित राम को तृतीय और नियति को चतुर्थ स्थान दिया। सभी विजेताओं को जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर देवसिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुनीता बिष्ट, हरीश पुरोहित, अभिषेक गहतोड़ी आदि थे।