अस्कोट (पिथौरागढ़)। धारचूला से मिर्थी आ रहा सातवीं वाहिनी आईटीबीपी का ट्रक यहां जोग्यूड़ा और लखनपुर के बीच दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे लटक गया। आईटीबीपी का वाहन सड़क पर चल रही गाय को बचाने के प्रयास में शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सड़क के किनारे लगे लोहे के सुरक्षा बैरियर से टकराकर सड़क से नीचे लटक गया।
लोहे के एंगल नहीं होते तो वाहन सीधे महाकाली नदी में जा गिरता। वाहन में चालक लवराज सिंह, कांस्टेबल विजय चौधरी सवार थे। दोनों को हल्की चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ खान, कांस्टेबल भुवन चंद्र, संजीत राणा सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। आईटीबीपी के असिस्टेंट कमांडेंट जसपाल सिंह 15 जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। देर शाम चर्मा से मंगाई गई सेना की क्रेन से सुरक्षा एंगल में फंसे ट्रक को निकाला गया।