पिथौरागढ़। निकाय चुनाव के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। रविवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। जिले की तीन नगरपालिकाओं और दो नगर पंचायतों में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 43 है। इनमें से 19 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं।
नगरपालिका पिथौरागढ़ में कुल 20 वार्ड हैं। नगरपालिका धारचूला, डीडीहाट और नगर पंचायत गंगोलीहाट, बेड़ीनाग में सात-सात वार्ड हैं। मतदान के लिए 69 स्थल बनाए गए हैं। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 11 है। पिथौरागढ़ में पांच, डीडीहाट में तीन, धारचूला में चार, गंगोलीहाट में पांच और बेड़ीनाग में दो केंद्र संवेदनशील हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी।
पिथौरागढ़ में 33691 मतदाता हैं। धारचूला में 3794, डीडीहाट में 3022, गंगोलीहाट में 4167 और बेड़ीनाग में 4604 मतदाता हैं। पालिका पिथौरागढ़ की मतगणना एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डीडीहाट की ब्लॉक सभागार, धारचूला की राबाइंका, गंगोलीहाट की महाकाली राइंका और बेड़ीनाग की राइंका में की जाएगी। ब्यूरो
चुनाव के लिए 300 पुलिस कर्मी तैनात
पिथौरागढ़। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। नोडल अधिकारी सीओ शेखर सुयाल को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पांच जोनल पुलिस अफसर, 12 सेक्टर अफसर समेत 300 जवानों की तैनाती की गई है। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर एक दरोगा, एक हेड कांस्टेबल, चार पुलिस और दो होमगार्ड तैनात रहेंगे। चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी निगाह रखी जाएगी।