पिथौरागढ़। जिले में 108 एंबुलेंस और खुशियों की सवारी के 15 वाहनों को ईंधन नहीं मिला। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं इस सेवा में तैनात कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन भी नहीं मिला है।
जनपद में एक पखवाड़े से आपातकालीन 108 सेवा ईंधन नहीं मिलने के कारण लड़खड़ाई है। जिला मुख्यालय सहित कनालीछीना, डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग और थल में वाहन खड़े हैं। थल में खुशियों की सवारी को रविवार को ईंधन मिला, लेकिन 108 का संचालन बंद है। मंगलवार को भी एकमात्र धारचूला में 108 और खुशियों की सवारियों का संचालन रहा।
जिला मुख्यालय में दो 108 और खुशियों की सवारियां चार दिनों से खड़ी हैं। वहीं, 108 सेवा के कर्मचारियों को दो माह का वेतन भी नहीं मिला है। इसके चलते कर्मचारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। जिला कोआर्डिनेटर प्रमोद भट्ट ने बताया कि स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।