बैतड़ी/झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल मे प्रदेश नंबर 7 के अछाम जिले में युवती का बलात्कार कर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। युवती के परिजनों ने हत्या करने वाले युवक को शीघ्र पकड़कर कार्रवाई की मांग की है। मृतका के परिजन अभियुक्त की गिरफ्तारी न होने तक मृतका का शव घर न ले जाने पर अड़े हुए हैं।
अछाम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अछाम जिले के एक गांव की 18 वर्षीय युवती इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के बाद मंगलवार को अपने प्रेमी के घर गई थी। उसका युवक के साथ 18 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी तिलक बटाला स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है। आरोप है कि उसने रात में युवती को अनेक प्रकार का प्रलोभन देकर पहले उसके साथ बलात्कार किया, बाद में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
पुलिस को सौंपी तहरीर में मृतका के भाई लक्ष्मण टम्टा और मदन टम्टा ने कहा है कि युवती का शव कालेकांडा गांव पालिका वार्ड संख्या एक के ही बल्दे स्थित तिलक बटाला के घर से मिला है। अछाम प्रहरी ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी, वह पकड़ में नहीं आया।