पिथौरागढ़ में बुधवार की देर शाम बारिश में रपटने से दो सड़कों के बीच अटकी जीप
- फोटो : अमर उजाला
तेज बारिश के बीच जिला मुख्यालय में एक मार्शल जीप फिसलकर दो सड़कों के बीच लटक गई। सूचना देने के आधा घंटा बाद भी आपदा प्रबंधन की टीम हरकत में नहीं आई। पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से जीप को निकलवाया।
बुधवार शाम करीब पौने आठ बजे चालक हरीश ऐरी मार्शल जीप (यूए 01-6012) को टनकपुर तिराहे के पास बैक कर रहा था। उस समय मूसलाधार बारिश हो रही थी। सड़क के किनारे कीचड़ होने से जीप के टायर फिसल गए और जीप सिल्थाम से टनकपुर तिराहे को जाने वाली सड़क और टनकपुर रोड के बीच लटक गई। चालक ने किसी तरह ब्रेक लगाकर जीप को रोके रखा। जीप में बैठे चालक ने लोगों से बचाने की गुहार लगाई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को दी।
इसके बाद पुलिस टीम रात सवा आठ बजे मौके पर पहुंची। निजी क्रेन मंगाकर जीप को सड़क पर निकाला। आपदा प्रबंधन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। कारण पूछने पर ड्यूटी में तैनात कर्मी ने पुलिस को सूचना देने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। जीप सड़क पर निकलने के बाद चालक ने राहत की सांस ली। जीप सड़क से 10 मीटर नीचे सड़क पर गिरती तो जानमाल के नुकसान के साथ ही जीप को भी क्षति पहुंच सकती थी।