पिथौरागढ़। चंडाक क्षेत्र में पिछले दस दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने से विद्युत व्यवस्था ठप थी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मोबाइल एप के माध्यम से मुख्यमंत्री से की तो 24 घंटे के अंदर खराब ट्रांसफार्मर बदल दिया गया। इससे पहले ग्रामीण विभागीय अधिकारियों को समस्या बताते-बताते थक चुके थे, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक बार भी नहीं सुनी।
मुख्यालय से तीन किमी दूर चंडाक से सटे मझेड़ा भूला गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। ग्रामीणों ने विद्युत वितरण खंड के अधिकारियों को समस्या बताई थी, लेकिन दस दिन बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार छह मार्च को ग्रामीण कैलाश चंद ने सीएम को मोबाइल एप पर व्यथा बताई। सीएम कार्यालय की फटकार के बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए और 24 घंटे के भीतर ही ट्रांसफार्मर बदल दिया गया।
समस्या की जानकारी से ही पल्ला झाड़ रहे थे अधिकारी
इस मामले में वितरण खंड के अधिकारी पहले समस्या की जानकारी होने से ही पल्ला झाड़ रहे हैं। खंड के सहायक अभियंता बीके बिष्ट का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली थी। हो सकता है कि ग्रामीणों ने लाइनमैन या फिर जेई को इस संबंध में बताया हो। हालांकि लाइनमैन या फिर जेई ने उच्च अधिकारियों को इस बारे में जानकारी नहीं दी। एई का कहना है कि उन्हें पहले समस्या का पता चलता तो दो-तीन दिन के भीतर ट्रांसफार्मर बदलवा देते।