मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पंडित नैन सिंह पर्वतारोहण संस्थान की ओर से आयोजित स्कीइंग प्रशिक्षण में भाग लेने आए दल को शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक जीएस मर्तोलिया और आईटीबीपी के पूर्व कमांडेंट भूपाल सिंह मर्तोलिया ने खलियाटॉप के लिए रवाना किया। दोपहर बाद प्रतिभागियों ने कुछ देर तक खलियाटॉप में अभ्यास किया।
आईजी मर्तोलिया ने कहा कि अच्छी बर्फ गिरने पर यहां बेटुलीधार और खलियाटॉप में स्कीइंग प्रशिक्षण का संचालन किया जाता है। कई बार तो मार्च में भी स्कीइंग का प्रशिक्षण हुआ है। पर्वतारोहण संस्थान की विशेष कार्याधिकारी रीना कौशल धर्मशक्तू ने कहा कि प्रशिक्षण में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड के कुल 18 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण 28 फरवरी तक चलेगा।
शनिवार से खलियाटॉप में विधिवत प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। प्रशिक्षक के तौर पर हिमाचल प्रदेश के मदन सिंह, भाग सिंह, मुनस्यारी के गोकर्ण पांगती, नैनीताल के ध्रुव जोशी, नरेंद्र कुमार, चंद्रमोहन पांडे, वीरू बृजवाल को तैनात किया गया है।