पिथौरागढ़ । एसएसबी के प्रशिक्षित गुरिल्लों का मुद्दा बजट सत्र में रखा जाएगा। इस पर सकारात्मक फैसला हुआ तो गुरिल्लों की नियुक्ति की राह खुलेगी। कबीना मंत्री प्रकाश पंत ने गुरिल्ला शिष्टमंडल को यह भरोसा दिया है।
सोमवार को गुरिल्लाओं का एक शिष्टमंडल मंत्री से मिला। इस अवसर पर उन्होंने सरकारी विभागों में समायोजन समेत अन्य तीन मांग दोहराई। कहा कि वर्ष 2006 से गुरिल्ला रोजगार समेत अन्य मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला। गुरिल्लाओं का पक्ष सुनने के बाद मंत्री ने उनका मामला बजट सत्र में उठाने का भरोसा दिया। इसके साथ ही अन्य मांगों पर भी सीएम को प्रस्ताव भेजने पर हामी भरी। शिष्टमंडल में गोपाल मेहरा, शमशेर सिंह, संजय धामी, भुवन बोहरा, फकीर राम आदि थे।
सेरीकांडा ग्रामीणों ने मंत्री से पानी मांगा
पिथौरागढ़ । सेरीकांडा के ग्रामीणों ने काबीना मंत्री प्रकाश पंत से लिफ्ट पेयजल योजना की मांग की है। इस संबंध में मंत्री को ज्ञापन दिया है। सोमवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल मंत्री से मिला। बताया कि ग्राम सभा में 80 परिवार रहते हैं। आपूर्ति के भिलौत स्रोत से मिल रहा पानी काफी कम है। इससे पेयजल की जरूरत पूरी नहीं हो रही है। रोजना महज आधा घंटा ही पानी मिल रहा है। कृषि व बागवानी के लिए भी पानी का संकट है। ग्रामीणों ने नंदा पानी नौला-सेरीकांडा लिफ्ट योजना की मांग उठाई। मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर मामला जल संस्थान को सौंप दिया। साथ ही जल्द ही प्रस्ताव तैयार करवाने का भरोसा दिया। ज्ञापन में क्षेपं सदस्य नरेंद्र सिंह मेहता, ग्राम प्रधान वीरेंद्र कुमार, सरपंच कैलाश भट्ट के हस्ताक्षर हैं।