पिथौरागढ़। महाकाली एवं गोरी के संगम पर जौलजीबी में लगने वाले ऐतिहासिक और व्यापारिक महत्व के मेले की तैयारी जोरों पर है। 14 नवंबर से शुरू होने वाले मेले की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी सी रविशंकर शुक्रवार को जौलजीबी में बैठक लेंगे। मेला स्थल पर अस्थायी दुकानों का आवंटन 10 नवंबर से शुरू हो जाएगा। मेला स्थल पर इस बार कम से कम 200 अस्थायी दुकानें लगेंगी।
जौलजीबी मेले की तैयारी के लिए पिछले सप्ताह मुख्य विकास अधिकारी वंदना ने जौलजीबी में बैठक ली थी। अब जिलाधिकारी व्यवस्थाओं की खुद समीक्षा करेंगे। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। मेले के दौरान विद्युत, पेयजल, सफाई, चिकित्सा, सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जाएगा। जौलजीबी में तीन नवंबर को होने वाली बैठक में स्थानीय व्यापारी, जनप्रतिनिधि, मेला संचालन में सहयोग देने वाले लोग भी मौजूद रहेंगे।
डीएम ने कहा कि ऐतिहासिक और व्यापारिक महत्व के इस मेले की व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। 13 नवंबर तक सभी सरकारी विभागों के स्टाल मेला स्थल पर लग जाएंगे। सरकारी विभागों के स्टाल 19 नवंबर तक लगे रहेंगे। अलबत्ता मेले की व्यापारिक गतिविधियां 30 नवंबर तक जारी रहेंगी। जौलजीबी मेले में नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इसे देखते हुए अंतरराष्ट्रीय झूलापुल को रात दस बजे तक खुला रखने का निर्णय लिया गया है।