डीडीहाट/मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों को लागू करने को लेकर डीडीहाट में उपजिलाधिकारी ने स्कूलों में छापेमारी की। मुनस्यारी के एसडीएम ने स्कूलों के साथ ही पुस्तक विक्रेताओं के दुकानों में औचक छापे मारे।
डीडीहाट में एसडीएम वैभव गुप्ता के नेतृत्व में शिक्षा विभाग और पुलिस की टीम ने नगर के पब्लिक स्कूलों में पढ़ाए जा रहे पाठ्यक्रम की जानकारी ली। एसडीएम ने कहा कि सभी पब्लिक स्कूल एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की पुस्तकों को ही पढ़ाएंगे। स्कूल किसी अन्य प्रकाशक की किताबें पढ़ाते हुए पाए जाएंगे तो स्कूलों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम ने स्कूलों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत मिली मान्यता की पत्रावली भी चेक की।
उधर, मुनस्यारी में उपजिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने नगर के विद्यालयों और पुस्तक विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों और पुस्तक विक्रेताओं को केवल एनसीईआरटी की पुस्तकों को ही बेचने की हिदायत दी। कहा अन्य प्रकाशकों की पुस्तकों को बेचने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।