धारचूला (पिथौरागढ़)। विधानसभा चुनाव के संचालन के लिए प्रशासन ने जिन निजी वाहनों को किराए पर लिया था, उनको अब तक भुगतान नहीं हो पाया है। इस तहसील में 35 निजी वाहनों को चुनाव संचालन में लगाया गया था। विधानसभा का चुनाव पिछले साल 15 फरवरी को हुआ था। वर्ष बीतने के बाद भी वाहन स्वामियों को भुगतान न होने से वह काफी परेशानी में हैं।
वाहन स्वामी राम सिंह, वीरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह आदि ने कहा कि प्रशासन ने चुनाव के समय 35 वाहनों को किराए पर लिया था। तब यह कहा गया था कि सभी वाहन स्वामियों को समय पर भुगतान हो जाएगा। एक वर्ष से वाहनों का भुगतान न होने से सभी वाहन स्वामी आर्थिक संकट में आ गए हैं। सभी वाहनों को बैंक से कर्ज लेकर खरीदा गया है। अब बैंकों की किश्त जमा करने में भी दिक्कत आ रही है।
वाहन स्वामियों ने इस बाबत एसडीएम को पत्र दिया है। एसडीएम आरके पांडे ने बताया कि वाहनों के भुगतान के संबंध में सारी रिपोर्ट डीएम के माध्यम से राज्य निर्वाचन आयुक्त को भेजी जा चुकी है। जल्दी ही भुगतान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के काम में लगे हर वाहन को अनिवार्य रूप से भुगतान मिलेगा। इसमें थोड़ा देरी हुई है, लेकिन अब जल्दी भुगतान की उम्मीद है।