झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भाजपा के मंडल स्तरीय सम्मेलन में कहा गया कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का प्रयास कर रही है। जिले के हजारों किसानों को मात्र दो प्रतिशत ब्याज में कर्ज दिया गया है। इसके अलावा किसानों के हित में केंद्र और राज्य सरकार कदम उठा रही है। सम्मेलन में तय किया गया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव घर-घर तक पहुंचाई जाएगी।
मूनाकोट विकास खंड कार्यालय में भाजपा के एक दिनी सम्मेलन का मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष दिवाकर जोशी ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। सम्मेलन में जिला विस्तारक राकेश राणा ने संगठन के प्रकोष्ठों और मोर्चों को मजबूत करने पर जोर दिया। विधानसभा क्षेत्र विस्तारक राम सिंह गैड़ा ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के लिए चलाई जा रही योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
सम्मेलन में विधायक प्रतिनिधि संजीव जोशी, शुभम सौन, बिजेंद्र चंद, पंकज सौन, कमलेश धारियाल, सांसद प्रतिनिधि ललित चंद, पवन चंद, भीम सिंह गोबाड़ी आदि थे। संचालन मंडल महामंत्री योगेश चंद ने किया।