पिथौरागढ़। क्लीनिकल एस्टेब्लिसमेंट एक्ट के विरोध में निजी पैथोलॉजी लैब के संचालकों की बैठक हुई। बुधवार को काला फीता बांधकर कार्य करने का निर्णय लिया गया।
प्राइवेट लैब एसोसिएशन की अध्यक्षा अर्चना भट्ट ने बताया कि एक्ट के विरोध के चलते जिले के नर्सिंग होम, क्लीनिक 15 फरवरी से बंद हैं। उन्होंने कहा कि एक्ट में कई खामियां हैं।
उन्हें दुरुस्त कर पहाड़ की परिस्थितियों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नर्सिंग होम, क्लीनिक बंद होने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार की ओर से शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिए गए तो 21 फरवरी से निजी, लैब संस्थान भी बंद रहेंगे।