पिथौरागढ़। नगर में लावारिस मवेशियों की संख्या बढ़ती जा रही है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी है। इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने लावारिस को आवारा छोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आवारा कुत्तों का बधियाकरण भी किया जाएगा।
बुधवार को पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में डीएम सी रविशंकर ने पुलिस को निर्देश दिए कि मवेशियों को लावारिस छोड़ने के मामलों को गंभीरता से लें और उन पर सख्ती बरती जाए। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को बधियाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीएम ने इस मामले में नगर पालिका की जवाबदेही भी तय की।
उन्होंने पालिका को इस माह के अंत तक नगर में घूम रहे लावारिस मवेशियों को गोसदन पहुंचाने, पशुपालन विभाग को बड़ावे गोसदन के विस्तार और 100 पशुओं को रखे जाने की योजना का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। पालिका को पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने खुले में बिक रहे मांस की रोकथाम के लिए दुकानों पर छापेमारी करने को कहा। पशुपालन विभाग को मवेशियों की पहचान के लिए यूनिक आईडी टैग की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। इस दौरान सीडीओ वंदना, डीएफओ विनय भार्गव, सीवीओ विद्यासागर कापड़ी, डीडीओ गोपाल गिरी आदि थे।