झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट कस्बे में होली का पर्व शांतिपूर्वक मनाने के लिए थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक की।
थाना प्रभारी टीएस राणा ने कहा कि होली के दौरान किसी व्यक्ति ने शराब पीकर ऊधम काटा तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से पर्व को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की।
होटल मालिकों से अपील की गई कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति कस्बे में आए और होटल का कमरा मांगे तो उसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि होली के दौरान सुबह से ही कस्बे में पुलिस की गश्त रहेगी। आसपास के इलाकों में भी पुलिस दिनभर गश्त करती रहेगी। दोपहर 12 बजे के बाद यदि कोई सड़कों पर घूमता मिला तो उसे पकड़कर घर भेज दिया जाएगा।
व्यापारियों एवं आम नागरिकों ने कहा कि शांति व्यवस्था में पुलिस को सहयोग करेंगे। बैठक में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, व्यापारी दिनेश गड़कोटी, धर्मानंद नरियाल, मोतीराम कलखुड़िया, जगदीश जोशी, बहादुर राम, शंकर राम, भुवन पंगरिया आदि मौजूद थे।