गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। तहसील के दूरस्थ गांव बोरखेत की विमला ने राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में 800 मीटर जूनियर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त कर स्कूटी जीती है। स्कूल आने-जाने के लिए रोज 10 किमी के पैदल सफर ने विमला को बेहतरीन धावक बनने में मदद की है। विमला राजकीय हाइस्कूल पोखरी में कक्षा 8 में पढ़ती हैं। स्कूटी जीतकर लौटी विमला को विद्यालय में सम्मानित किया गया।
हाल में देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में शानदार प्रदर्शन कर बोरखेत निवासी भगवान सिंह की पुत्री विमला होनहार धावक बनकर उभरी हैं। विमला रोज बोरखेत से 5 किमी दूर पोखरी पढ़ने आती हैं। स्कूल आने-जाने में 10 किमी का पैदल सफर तय करने वाली विमला काफी तेज दौड़ लेती हैं।
खंड शिक्षाधिकारी किशोर पंत, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देेवेंद्र राम, शिक्षक कंचन जोशी, मोहन राम ग्वासीकोटी, विरेंद्र सिंह, पंकज जोशी, सोनू महरा, चंद्रशेखर आदि ने विमला को बधाई दी। स्कूल में विमला का माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।