पिथौरागढ़। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान दे रहे राजकीय इंटर कॉलेज तेजम (मुनस्यारी) के प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक ने गुरुग्राम (हरियाणा) में हुए एक विवाह समारोह में वर, वधू के हाथों परिणय पौधा रोपा।
19 फरवरी को पिथौरागढ़ के सिमलगैर निवासी बसंत जोशी के पुत्र अनूप का विवाह त्यूनरा अल्मोड़ा निवासी हिमांशु तिवारी की पुत्री विधु के साथ गुरुग्राम में हुआ। नव दंपति गुरुग्राम में एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। पाठक की पहल पर वर, वधू ने सात फेरों के बाद परिणय पौधा रोपा। विधु ने यह पौधा अपने माता-पिता को सौंपते हुए पौधे की रक्षा करने का वचन लिया। विधु के माता, पिता ने पौधे की बेटी की तरह परवरिश करने का वचन दिया।
इस दौरान राकेश मोहन गुरुरानी, आशा गुरुरानी, प्रकाश उपाध्याय, दीक्षा उपाध्याय, अंजू पाठक, शैलजा, प्रकाश बगौली, मंजू बगौली आदि थे।