गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)।
भारतीय स्टेट बैंक की गणाईगंगोली शाखा में कैश की कमी से ग्राहकों को भुगतान नहीं हो पा रहा है। बैंक से धन न मिलने के कारण लोगों को बगैर पैसे के वापस जाना पड़ रहा है।
बैंक की शाखा में करीब एक महीने से कैश की किल्लत है। लोगों को पर्याप्त धन नहीं मिल पा रहा है। ग्राहकों को रुपये निकासी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जब बैंक में कोई ग्राहक पैसा जमा कर रहा है, तब लोगों को 1000, 2000 रुपये का भुगतान बैंक कर रहा है। इससे बैंक से पेंशन लेने वाले बुजुर्ग खाताधारकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बैंक में कैश न होने से लोगों ने उत्तरायणी का त्योहार भी उधारी में चलाया। इसका असर बाजार में भी पड़ रहा है। इस मामले में शाखा प्रबंधक बीएस शुक्ला का कहना है कि चेस्ट ब्रांच से कैश नहीं मिल पा रहा है। इस महीने अब तक मात्र पांच लाख रुपये ब्रांच को मिले हैं, जबकि ब्रांच को हर दिन 20 लाख रुपये की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि एक दो दिन में स्थितियां सामान्य हो जाएगी।