पिथौरागढ़। आर्मी पब्लिक स्कूल सेंट्रल कमांड के सभी 27 विद्यालयों में सत्र 2016-17 के एकेडमिक परफारमेंस इंडेक्स में जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल ने बड़ी छात्र संख्या के विद्यालयों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। विगत सप्ताह आर्मी सेंट्रल कमांड लखनऊ में आयोजित प्रिंसिपल मीट में लेफ्टिनेंट जनरल जेके शर्मा, मेजर जनरल आरके सिंह ने जनरल बीसी जोशी एपीएस के प्रधानाचार्य मनीष पंवार को इस उपलब्धि पर ट्राफी दी।
प्रधानाचार्य पंवार ने बताया कि आर्मी सेंट्रल कमांड के सभी 27 विद्यालयों के एकेडमिक परफारमेंस इंडेक्स में जनरल बीसी जोशी एपीएस ने 157.48 अंकों में से बढ़कर 181.40 की वृद्धि की और पिथौरागढ़ जिले का नाम आर्मी सेंट्रल कमांड में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप विगत चार वर्षों से विद्यालय की एकेडमिक परफारमेंस इंडेक्स में लगातार वृद्धि हो रही है। विगत चार वर्षों में यह 103 से बढ़कर 181.40 पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि खेल, कला, विज्ञान और संस्कृति को बढ़ावा देने वाली सभी सुविधाएं विद्यालय में उपलब्ध हैं, यही कारण है कि विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिवर्ष राज्य, राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में अव्वल आकर विद्यालय का नाम रोशन करते हैं। विद्यालय की उपलब्धि पर एपीएस के चेयरमैन ब्रिगेडियर रंजन मलिक ने प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।