पिथौरागढ़। प्राथमिक शिक्षकों ने 2001 के बाद नियुक्त शिक्षकों से डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) कोर्स कराने का विरोध किया है। कहा कि इस व्यवस्था से प्रदेश के 13500 शिक्षक प्रभावित होंगे। शासन ने हाल ही में एक आदेश जारी कर कहा है कि 2001 के बाद नियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को डीएलएड कोर्स करना होगा। कोर्स न करने वाले शिक्षकों को अप्रशिक्षित माना जाएगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया, मंत्री जेपी वर्मा समेत कई शिक्षकों ने भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया के माध्यम से शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि 2001 के बाद नियुक्त सभी शिक्षकों ने विशिष्ट बीटीसी का प्रशिक्षण ले रखा है। अब नए आदेश से शिक्षक परेशानी में आ गए हैं।
कई शिक्षक तो ऐसे हैं जो सेवानिवृत्त होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने डीएलएड प्रशिक्षण की व्यवस्था शीघ्र समाप्त करने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में हरीश पंत, राजेश उप्रेती, रवींद्र पांडे, युगल पांडे, त्रिलोचन जोशी आदि थे।