नवोदय में शिक्षक तैनात नहीं हुए तो आंदोलन होगा
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के अभिभावकों ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को ज्ञापन भेजकर स्कूल में शिक्षकों की तैनाती की मांग की है। साथ ही शिक्षक तैनात न होने पर विद्यार्थियों को साथ लेकर आंदोलन ़छेडने की चेतावनी दी है।
अभिभावकों ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को भेजे ज्ञापन में कहा है कि स्कूल में शिक्षकों की कमी के कारण बोर्ड परीक्षा का परिणाम बेहद निराशाजनक रहा। हाइस्कूल का परीक्षा परिणाम मात्र 15 प्रतिशत और इंटर का परीक्षा परिणाम केवल 40 प्रतिशत रहा। इस आवासीय विद्यालय का शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। विद्यालय में प्राचार्य के साथ ही भौतिक विज्ञान, भूगोल के प्रवक्ता और एलटी में विज्ञान, गणित हिंदी के शिक्षकों के पद रिक्त हैं।
अभिभावकों ने कहा कि शिक्षक न होने से स्कूल की व्यवस्थाएं चौपट हो गई हैं। अभिभावकों ने जुलाई प्रथम सप्ताह तक प्राचार्य और शिक्षकों की तैनाती की मांग की। कहा कि ऐसा नहीं होता है तो अभिभावक 10 जुलाई से विद्यार्थियों को साथ लेकर आंदोलन करेंगे। फिर भी शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो अभिभावक अपने बच्चों की टीसी कटाकर अन्य विद्यालयों में प्रवेश कराने को बाध्य होंगे। ज्ञापन में अभिभावक संघ के अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट, दीपक चंद्र जोशी, भगवत रावल, पूरन सिंह महरा, कमल वर्मा, ठाकुर सिंह बिष्ट, कमल उप्रेती, कैलाश महरा, लक्ष्मण सिंह महरा, चंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, गोपाल महरा आदि के हस्ताक्षर हैं।