पिथौरागढ़। फरवरी के नेशनल प्लान ऑफ एक्शन में दिए गए निर्देशों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिला जज राजेंद्र जोशी के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/ सिविल जज सीनियर डिविजन मनोज कुमार द्विवेदी ने पिथौरागढ़ न्यायिक बंदीगृह का दौरा कर बंदियों को विधिक जानकारी दी।
न्यायिक बंदीगृह में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में बंदीगृह में निरुद्ध 35 महिलाओं को विधिक सेवा प्राधिकरण से निशुल्क दी जाने वाली सेवा के साथ ही जमानत प्रक्रिया, बंदियों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। कड़ाके की ठंड को देखते हुए अतिरिक्त कंबल देने की मांग की।
सिविल जज सीनियर डिविजन ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश प्रभारी बंदीगृह को दिए। बंदियों को कानूनी अधिकार संबंधी सरल कानूनी ज्ञान माला पुस्तिकाएं वितरित की गई। शिविर में प्रतिसार निरीक्षक दरबान सिंह, जगदीश राम, किशन सिंह, गणेश सिंह, मनोज सिंह, सुरेश प्रसाद आदि कर्मी मौजूद थे।