पिथौरागढ़। सीमांत यूथ मोर्चा (सीयूमो) और उत्तराखंड छात्र मोर्चा के युवाओं ने सहारा इंडिया बैंक के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि बैंक ने पहाड़ के मेहनतकश लोगों का चार करोड़ रुपया दबा रखा है। उनका पैसा शीघ्र नहीं लौटाया गया तो बैंक में तालाबंदी की जाएगी।
सीयूमो के जिलाध्यक्ष जनार्दन पंत और छात्र मोर्चा के जिला संयोजक मुकेश कुमार के नेतृत्व में नया बाजार वार्ड में युवाओं ने सहारा इंडिया बैंक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सीयूमो जिलाध्यक्ष पंत ने कहा कि लोगों के चार करोड़ रुपये बैंक दबाकर बैठा है और उन्हें रोज बैंक के चक्कर लगवा रहा है।
छात्र मोर्चा के जिला संयोजक मुकेश कुमार ने कहा कि जिन लोगों के फिक्स डिपोजिट का समय पूरा हो चुका है, उन्हें भी बैंक ने रुपये नहीं लौटाए हैं। प्रदर्शन में सीयूमो जिला सचिव कैलाश कठायत, राहुल खत्री, लक्ष्मण बिष्ट, अजय लोहिया, जितेंद्र कुमार, सुरेश जोशी, गौतम लोहनी आदि थे।
मुख्यालय से कैश नहीं आ पा रहा है। ग्राहकों का भुगतान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जैसे ही कैश आता है, भुगतान किया जाएगा। -नंदन सिंह, प्रबंधक, सहारा इंडिया पिथौरागढ़।