पिथौरागढ़। कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ के आह्वान पर कलक्ट्रेट में कार्यरत बाबुओं का तीन दिनी कार्य बहिष्कार मंगलवार से शुरू हो गया है। कर्मचारी 18 जनवरी तक कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। वहीं, कार्य बहिष्कार के कारण कलक्ट्रेट में कामकाज प्रभावित रहा। लोगों के प्रमाणपत्र नहीं बन पाए। शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, अन्य विभागों को भेजे जाने वाले पत्र, शासन को भेजे जाने वाले पत्र मंगलवार को नहीं जा पाए। कलक्ट्रेट के हर कक्ष में कुर्सियां खाली थी और कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन पर डटे रहे।
संगठन के जिलाध्यक्ष प्रवींद्र सिंह डीनियां ने बताया कि यह आंदोलन कलक्ट्रेट के संरचनात्मक ढांचे का पुनर्गठन करने, कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता स्नातक करने, 14 दिसंबर 2013 को कैबिनेट में लिए गए फैसले के अनुसार नायब तहसीलदार के 10 प्रतिशत पदों पर कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों को तैनात करने संबंधी शासनादेश जारी करने, नवसृजित तहसीलों में तैनात वरिष्ठ सहायक का ग्रेड पे 2400 के स्थान पर 2800 करने, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पदों पर शीघ्र प्रमोशन करने जैसी मांगों को लेकर यह आंदोलन चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 18 जनवरी के बाद आंदोलन का अगला चरण प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देश पर शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में संगठन के महामंत्री कमल किशोर पांडे, सतीश पांडे, प्रदीप पुनेड़ा, देवकी कसनियाल, प्रेम जोशी, महेंद्र चंद, नंदन राम, अनिल पंत आदि शामिल थे।