बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेड़ीनाग में छात्रसंघ के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। छात्रसंघ उपाध्यक्ष पद के लिए किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी और निर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
छात्रसंघ चुनाव अधिकारी डॉ. जेएन पंत ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए भरत सिंह, छात्रा उपाध्यक्ष पद के लिए पल्लवी रौतेला, सचिव पद के लिए धीरज सिंह महरा, उपसचिव पद के लिए कमलेश चंद्र, कोषाध्यक्ष पद के लिए भरत सिंह धामी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। उपाध्यक्ष के पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ। इस कारण इस पद को रिक्त मान लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए कृपाल सिंह डांगी ने नामांकन पत्र भरा है।
सभी पदों पर सिर्फ एक-एक नामांकन होने से छात्रसंघ का चुनाव निर्विरोध हो जाएगा। गत वर्ष भी यहां छात्रसंघ का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनने से कॉलेज प्रशासन ने राहत की सांस ली है और इसे एक अच्छी परंपरा बताया है।
पिथौरागढ़ में 27 को अधिसूचना जारी होगी
पिथौरागढ़। एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ में सात अक्तूबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना 27 सितंबर को जारी होगी। अधिसूचना में चुनाव प्रक्रिया का पूरा कार्यक्रम दिया जाएगा। चुनाव अधिकारी डॉ. अजय शुक्ल ने बताया कि चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। छात्र मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है। संभावित दावेदारों ने प्रचार शुरू कर दिया है।