धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला के ब्लॉक प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर के खिलाफ मंगलवार को भी अविश्वास प्रस्ताव पेश नहीं हो पाया। प्रमुख के खिलाफ लामबंद सदस्य 10 सितंबर की रात पिथौरागढ़ चले गए थे और 11 सितंबर को यह प्रस्ताव पेश करने की तैयारी की गई थी, लेकिन ऐनवक्त पर यह फैसला टाल दिया गया। फिर यह उम्मीद जताई जा रही थी कि मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी और जिला पंचायतीराज अधिकारी के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश हो जाएगा, लेकिन मंगलवार को कोई भी सदस्य इन अधिकारियों से मिलने नहीं गया।
धारचूला के 25 क्षेत्र पंचायत सदस्य 10 सितंबर की शाम पिथौरागढ़ चले गए थे, लेकिन यह अभी लौटे नहीं हैं। बताया गया कि भाजपा के कुछ बड़े नेता इस मामले में गहरी दिलचस्पी लेकर किसी भी हालत में अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की जोड़तोड़ में लगे हैं। इस मामले की कमान संभाले और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को एकजुट करने में जुटे भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र बुदियाल ने कहा कि दो सदस्यों के आने का इंतजार किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह दो सदस्य तिब्बत की मंडी तकलाकोट गए हैं। उनको संदेश भिजवाया गया है। एक-दो दिन में उनके यहां पहुंचने की उम्मीद है। इस आधार पर यह तय है कि बुधवार को भी अविश्वास प्रस्ताव पेश नहीं हो पाएगा।
धारचूला क्षेत्र पंचायत समिति में 40 सदस्य हैं। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ लामबंद हुए सदस्यों का दावा है कि उनके साथ अभी 25 सदस्य हैं। उधर, ब्लॉक प्रमुख और कांग्रेस नेता नेत्र सिंह कुंवर इस मामले में शांत बैठे हैं। उनका कहना है कि विरोधियों की यह रणनीति सफल होने वाली नहीं है। क्योंकि कुछ सदस्य इस कदम के खिलाफ हैं और वह साथ नहीं देना चाहते। फिलहाल यह मामला अब भी यहां चर्चाओं में है।