पिथौरागढ़। वित्त, पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों में विद्युतीकरण एवं नगर और गांवों में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने आंवलाघाट पेयजल योजना के लिए बन रहे बिजली सब स्टेशन का निर्माण 31 अक्तूबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने पंपसेट आदि के काम भी अक्तूबर तक पूरा करने के निर्देश पेयजल निगम के अधिकारियों को दिए। कहा कि आंवलाघाट योजना को 31 दिसंबर तक पूर्ण कर पानी की आपूर्ति की जानी है, इसलिए तेजी से काम करना होगा। पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता रंजीत धर्मशक्तू ने बताया कि योजना का 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। 68.68 करोड़ की धनराशि खर्च कर ली गई है। मंत्री ने ट्यूबवेल से भी लोगों को पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नलकूप विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दौला के ट्यूबवेल को ठूलीगाड़ पंपिंग योजना से जोड़ दिया गया है। ट्यूबवेल से 60,000 लीटर पानी प्रतिदिन योजना को मिल रहा है। मंत्री ने सीवर ट्रीटमेंट प्लान का काम जल्दी पूरे करने के निर्देश दिए। मंत्री ने धारचूला, मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में किए जा रहे विद्युतीकरण की जानकारी भी हासिल की। बैठक में जिलाधिकारी सी रविशंकर और अन्य अधिकारी मौजूद थे।