फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: नेपाल के बैतड़ी में बरात की बस खाई में गिरी, 13 की मौत और 34 घायल

Fri, 06 Feb 2026 11:46 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
नेपाल के बैतड़ी में खाई में गिरी बस। स्रोत:नेपाल मीडिया
विज्ञापन
झूलाघाट(पिथौरागढ़)। भारतीय सीमा से लगे नेपाल बॉर्डर में दर्दनाक हादसा हुआ है। नेपाल के बैतड़ी में बरात की बस दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। इस घटना में बस में सवार 13 बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 34 घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बनी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक है।
विज्ञापन

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि बीती बृहस्पतिवार रात बैतड़ी के पुरचुंणी नगरपालिका-7, भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग के सुनकुड़ा जा रही बस संख्या सुपप्र 02001 ख 1119 पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि छह बरातियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया जबकि पांच की डडेलधुरा और दो की कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में घायल 34 बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार फैल गई।
नेपाल एपीएफ, प्रहरी और स्थानीय लोगों ने शवों को खाई से निकाला और घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा। घायलों का इलाज चल रहा है। कई घायलों की हालत अब भी नाजुक बनी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं लग सका है। कारणों का पता लगाया जा रहा है। सामान्य रूप से घायल चालक कंचनपुर के भीमदत्त नगरपालिका-7 निवासी विरेंद्र बुढ़ा को प्रहरी ने हिरासत में लिया है। इससे पूछताछ जारी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे नेपाल के साथ ही भारतीय क्षेत्रों में भी शोक की लहर है।
विज्ञापन

इनकी हुई मौत
बजांग बित्थड़ चीर गांव पालिका-7 निवासी 40 वर्षीय केशव राज जोशी, 13 वर्षीय अशोक राज जोशी, 35 वर्षीय बसंत राज जोशी, 41 वर्षीय बिष्णु दत्त जोशी, 42 वर्षीय नरेश राज जोशी, 17 वर्षीय बिशन दत्त जोशी, 28 वर्षीय दीपक जोशी, 46 वर्षीय किशन जोशी, बजांग के दारस्यु गांव पालिका निवासी 60 वर्षीय मोहन देव भट्ट, 27 वर्षीय केशव भट्ट, जय पृथ्वी नगरपालिका-7 निवासी 40 वर्षीय बसंत राज रतला, बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका-7 निवासी 40 वर्षीय पुष्पा अवस्थी और सुशील जोशी की मौत हो गई।
ओवरलोड बस नहीं चढ़ सकी चढ़ाई
झूलाघाट। बस में क्षमता से अधिक बराती बैठाना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि चालक ने क्षमता से अधिक यात्री बस में बैठा लिए। चढ़ाई में ओरलोड बस नहीं चढ़ सकी और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस भयानक घटना ने बरात की खुशियों को ग्रहण लगाने का काम भी किया है। जिस घर और गांव में बरात की खुशियां थीं वहां अब मातम पसर गया है और घरों से भीतर से चीख-पुकार सुनाई दे रही है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें