पिथौरागढ़। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम सी रविशंकर ने तहसीलों में सड़क सुरक्षा समिति नहीं बनाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तहसीलों में हर माह सड़क सुरक्षा समितियों की बैठक कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश एआरटीओ को दिए।
ओवरलोडिंग, मदिरा सेवन कर वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल में वार्ता करने, वाहनों की छत पर यात्रियों को बैठाने, व्यावसायिक वाहनों में यात्रियों को ले जाने पर वाहन का परमिट और चालक का लाइसेंस निरस्त करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने वाहन दुर्घटनाओं में शत-प्रतिशत रोकथाम के लिए अभियान चलाने के साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के प्रबंध करने के निर्देश दिए। कहा कि 15 दिन में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क एजेंसी, परिवहन और पुलिस विभाग निरीक्षण कर साइन बोर्ड लगवाएंगे।
डीएम ने परिवहन विभाग को प्रत्येक टैक्सी स्टैंड पर सूचना पट लगाने के साथ ही वाहन की क्षमता, यातायात नियम, किराया दर, दूरी की आदि की जानकारी अंकित करने के निर्देश दिए। दोपहिया वाहनों पर दोनों सवारियों के लिए हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य करने के नियम का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि नगर में स्थापित 41 सीसीटीवी ठीक कर दिए गए हैं। यातायात में बाधित पोलों को स्थानांतरित किया जा रहा है। वाहनों के बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करने के लिए नगर में सिटी बस चलाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश एआरटीओ को दिए। इस दौरान एसपी आरसी राजगुरु, एडीएम आरडी पालीवाल आदि मौजूद थे।