पिथौरागढ़। उत्तराखंड सैनिक पुनर्वास संस्था ने इस वित्तीय वर्ष में अब तक जिले के 22 पूर्व सैनिकों को बेटी के विवाह के लिए एक लाख रुपये प्रति के हिसाब से 22 लाख रुपये का आर्थिक अनुदान दिया है। एक पूर्व सैनिक को आपदा से क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत के लिए 30 हजार रुपये दिए गए। द्वितीय विश्व युद्ध के पेंशनरों को 96.69 लाख रुपये पेंशन के रूप में बांटे।
जिला सैनिक कल्याण परिषद की यहां हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। डीएम सी रविशंकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्देश दिए गए कि पूर्व सैनिकों को कृषि, मौनपालन, मत्स्य पालन, औद्यानिकी जैसे कामों से जोड़ा जाए। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना तैयार की जाए। डीएम ने लीड बैंक के प्रबंधक से कहा कि पूर्व सैनिकों को बैंकिंग की जानकारी देने के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर लगाए जाएं।
हर राष्ट्रीय पर्व में विद्यालयों के नजदीक रहने वाले पदक विजेता पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने का फैसला लिया गया। आपदा प्रबंधन में पूर्व सैनिकों का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए उनको प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ले. कर्नल (रि) गजेंद्र चंद ने वित्तीय वर्ष में किए गए कामों की जानकारी दी। बैठक में एडीएम मोहम्मद नासिर, जिला सैनिक कल्याण परिषद के सदस्य नरेंद्र चंद आदि उपस्थित थे।