धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत यूथ मोर्चा के सदस्यों ने सोमवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का पुतला फूंका। युवाओं का आरोप है कि प्रदेश सरकार रोजगार देने में तो पूरी तरह विफल साबित हो गई है। अब उसके मंत्री युवाओं के खिलाफ अपमानजनक बातें भी करने लगे हैं।
सीमांत यूथ मोर्चा के तहसील अध्यक्ष नरेंद्र ग्वाल ने कहा कि पिछले दिनों कैबिनेट मंत्री ने युवाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। कहा कि जब प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार दे पाने की स्थिति में नहीं है तो उसे युवाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी हक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अब भविष्य में जब भी कैबिनेट मंत्री उनियाल जिले के दौरे पर आएंगे सीमांत यूथ मोर्चा उनका भारी विरोध करेगा। पुतला दहन के समय हुई सभा में कहा गया कि मंत्रियों द्वारा युवाओं को अपमानित करने की कोशिश की तो उसका विरोध किया जाएगा। पुतला दहन के समय नवीन सोराड़ी, राजेंद्र ग्वाल, कुलो सिंह गर्ब्याल, राजेश यर्सो, रवि गर्ब्याल, दीपक सिंह सहित कई युवा उपस्थित थे।