मदकोट (पिथौरागढ़)। मदकोट के छीजा तोक में हो रहे अवैध खनन की खबर अमर उजाला में छपने के बाद प्रशासन हरकत में आया और शुक्रवार को जेसीबी लगाकर खनन के लिए बनाई गई अस्थायी और अवैध सड़क को तोड़ दिया। छीजा में गोरी के किनारे लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है। चार माह पहले महिलाओं ने भी खनन के लिए बनी इस सड़क को तोड़ा था, लेकिन खनन माफिया ने फिर से सड़क बना दी थी।
बताया गया कि खनन माफिया नदी किनारे तक ट्रकों को ले जाकर रेत, पत्थर आदि निकाल लेते हैं। कुछ दबंगों ने इस इलाके पर अपना कब्जा जमा रखा है और यदि कोई इस स्थान पर खनन करता है तो उससे अवैध वसूली भी की जाती है। एसडीएम विवेक प्रकाश, थाना प्रभारी रोहतास सागर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने शुक्रवार को पूरे इलाके में दबिश दी, लेकिन खनन के काम में लगे मजदूर भाग खड़े हुए। एसडीएम अपने साथ लोनिवि की जेसीबी भी लेकर आए थे।
जेसीबी की मदद से करीब 400 मीटर सड़क को तोड़ दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मदकोट चौकी के प्रभारी प्रियांशु जोशी को निर्देश दिए कि खनन क्षेत्र में लगातार निगरानी करें। यदि छीजा तोक में दोबारा खनन का प्रयास हुआ तो शीघ्र कार्रवाई करें। प्रशासन की कार्रवाई पर लोगों ने राहत महसूस की है, क्योंकि लगातार हो रहे खनन से आसपास के गांव के लोग खासे परेशान थे।