जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता शुरू
- फोटो : अमर उजाला
जिला राइफल एसोसिएशन और बुल्स आई शूटिंग एकेडमी की ओर से आयोजित जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता शनिवार से शुरू हो गई है। पहले दिन आठ पुरुषों और चार महिलाओं ने क्वालीफाइंग अंक हासिल कर लिए। प्रतियोगिता का उद्घाटन अर्जुन पुरस्कार विजेता कै. हरीदत्त कापड़ी और एसडीएम अनुराग आर्य ने 25 मीटर पिस्टल फायर कर किया।
इससे पहले जसपाल राणा शूटिंग रेंज देहरादून के प्रशिक्षक सुरेंद्र राणा ने शूटिंग के तरीकों की जानकारी दी। देहरादून के राष्ट्रीय शूटिंग कोच संजय कुमार की देखरेख में 25 मीटर और 50 मीटर की राइफल शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान कराई जा रही है। राष्ट्रीय रिनोड शूटर और प्रशिक्षक मनोज जोशी ने 40 खिलाड़ियों को 25 एवं 50 मीटर की दूरी पर 40-40 राउंड पिस्टल और राइफल फायरिंग कराई।
चंडाक में प्रतियोगिता के उद्घाटन के समय शूटरों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इस मौके पर किशोर पाटनी, जगदीश जोशी, रूपिन शाही, गौरव देवलाल, धीरज महर, ललित धानिक, यशवंत महर, कोमल मेहता आदि थे। संचालन राजेश मोहन उप्रेती ने किया। श्री उप्रेती ने बताया कि रविवार को सुबह नौ बजे से 10 मीटर रेंज की विभिन्न वर्गों की शूटिंग प्रतियोगिता केएन उप्रेती जीआईसी के हाल में होगी।