बैतड़ी पहुंचे नेपाल के उपप्रधानमंत्री
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री कमल थापा ने कहा कि भारत-नेपाल को जोड़ने के लिए महाकाली में झूलाघाट और धारचूला में मोटर पुलों का निर्माण जल्दी हो जाएगा। इस संबंध में भारत सरकार से भी बात हो चुकी है। शनिवार को बैतड़ी के गोठलापानी बाजार में हिंदू जागरण सभा के कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे कमल थापा ने कहा कि पंचेश्वर बांध की डीपीआर तैयार हो गई है। कुछ दिनों में दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक में बांध निर्माण की रूपरेखा तय कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नेपाल को पूर्ण हिंदू राष्ट्र का दर्जा दिलाने का अभियान चला रहे हैं। इसके अलावा देश में राजनैतिक स्थिरता के लिए भी ध्यान दिया जा रहा है। रोजगार बढ़ाने के अवसरों पर ज्यादा गौर हो रहा है। अफसरों की बैठक में उन्होंने कहा कि विकास के काम तेज करने की जरूरत है। बैतड़ी में विकास की स्थिति से मंत्री नाखुश नजर आए। मधेसी आंदोलन के बारे में उन्होंने कहा कि अब सीमांकन किया जा रहा है। उनके साथ वरिष्ठ नेता पुष्कर राज जोशी, हेमबाबू लेखक, राष्ट्रीय प्रजातांत्रिक पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रेम चंद, सुंदरी महरा आदि थे।