झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों की समन्वय बैठक झूलाघाट में हुई। इसमें दोनों देशों के अधिकारियों के बीच तस्करी समेत कई सूचनाओं के आदान प्रदान पर सहमति बनी।
तय हुआ कि सीमा पर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां एक दूसरे के साथ मिलकर काम करेंगी। 55वीं वाहिनी एसएसबी की ए कंपनी के सभागार में हुई बैठक में एसएसबी के कमांडेंट एसके सासनी ने सीमा पर होने वाले अपराध, वन्यजीव तस्करी पर चर्चा की। खुकरी, बीड़ी, खाद्य तेल, दालें, पेट्रोल, डीजल, मिट्टी के तेल की तस्करी, नशीली दवाओं की सप्लाई और मानव तस्करी पर सूचनाएं एक दूसरे को देने पर सहमति बनी।
महाकाली नदी पार कर तस्करी करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। बैठक में बैतड़ी के डीएसपी नेत्रमणि गिरी, प्रहरी निरीक्षक पवन जोशी, जूलाघाट प्रहरी चौकी के उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह बोहरा, बैतड़ी के कस्टम (भंसार) के अधिकारी दिलेराम सुबेदी, ए कंपनी के कमांडर संतोष लाल, निरीक्षक चतुर सिंह, दोनों देशों की पुलिस और खुफिया इकाई के लोग उपस्थित थे।