पिथौरागढ़। शहर के चंद्रभागा के पास बनाए गए श्मशान घाट पर गंदगी को लेकर लोग मुखर हो गए हैं। लोगों ने डीएम के सामने अधजले शवों को छोड़ने का मामला उठाते हुए हस्तक्षेप की मांग की है।
पूर्व जिपं अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा के नेतृत्व में डीएम सी रविशंकर से मिले लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। कहा कि मोहल्ले के बीच में बनाए गए श्मशान घाट पर शवों को अधजला छोड़ दिया जा रहा है। एक ऐसे ही अधजले शव को शुक्रवार को स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दफनाया। कहा कि श्मशान घाट पर फैली गंदगी से पर्यावरण दूषित हो रहा है। आवारा कुत्ते मांस के लोथड़ों को इधर-उधर फेंक देते हैं।
इन लोगों ने कहा कि नगरपालिका और प्रशासन श्मशान घाट की सफाई की कोई व्यवस्था नहीं करता है। लोगों ने श्मशान घाट की सफाई के लिए कर्मचारी की तैनाती करने की मांग की है। डीएम ने इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने की बात कही। ज्ञापन सौंपने वालों में भूपेंद्र नाथ, भगवान सिंह, डिगर देव भट्ट, शंकर जोशी, दयाकिशन जोशी, हरीश नाथ, रमेश चंद्र भट्ट, प्रकाश लेखक, मदन जोशी आदि शामिल थे।