पिथौरागढ़। लोक सभा चुनावों को देखते हुए की जा रही चेकिंग के दौरान फ्लाइंग दस्ते नेे एक युवक के पास से पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की। बरामद की गई नकदी को एसडीएम के पास जमा कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को एफएसटी ने खीम सिंह गोबाड़ी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया। नगर के देव सिंह मैदान के पास एक युवक के बैग से पांच लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। बरामद रुपयों में दो हजार और पांच सौ के नोट थे। पूछताछ में युवक ने बताया कि यह धनराशि सरोजनी नगर लखनऊ निवासी गणेश चंद्र के हैं।
युवक धनराशि के संबंध में कोई कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने बरामद धनराशि जब्त कर उपजिलाधिकारी को सौंप दी। प्रशासन के अनुसार आदर्श आचार संहिता के तहत लोक सभा चुनावों के दौरान 50 हजार से अधिक की नकदी बिना लेनदेन के कागजातों के पाए जाने पर जब्त कर ली जाएगी।