कनालीछीना (पिथौरागढ़)। ध्वज स्थित प्रसिद्ध मां जयंती मंदिर का मेला धूमधाम से संपन्न हो गया है। देवडांगरों ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दिया।
हरताली तृतीय पर प्रतिवर्ष मां जयंती के दरबार में मेला लगता है। बुधवार को सतगढ़ गांव के भनार मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद ढोल-नगाड़ों के बीच खंडेनाथ देवता का डोला जयकारों के साथ उठाया गया। करीब तीन किमी की खड़ी चढ़ाई के बाद डोले को ध्वज मंदिर में ले जाया गया। यहां देवडांगरों ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। खंडेनाथ एवं मां जयंती की पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के बाद श्रद्धालु वापस आ गए।
मेले में आसपास के गांवों के साथ ही दूरदराज के श्रद्धालु भी पहुंचे। इस मौके पर पुजारी नंदा बल्लभ कापड़ी, कैलाश कापड़ी, प्रकाश कापड़ी, दिगंबर कापड़ी, चंद्र बल्लभ कापड़ी, भाष्कर कापड़ी आदि थे। वहीं, इस बार भौतरी गांव में अशुद्धि के चलते मां जयंती का डोला नहीं उठ पाया।