गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। विधायक मीना गंगोला ने शुक्रवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल संयोजन, चहारदीवारी और कंप्यूटर के लिए धनराशि देने की घोषणा की।
विद्यालय प्रबंधन ने उनके सामने पेयजल की समस्या रखी। कहा कि कनेक्शन नहीं होने से हर साल दो लाख रुपये का पानी टैंकरों से खरीदना पड़ता है। इस पर विधायक ने 1.70 करोड़ की लागत से पानी की योजना बनाने की घोषणा की। प्राचार्य भुवन पांडे ने सभी कक्षाओं के अनुसार कंप्यूटर नहीं होने की बात कही। इस पर उन्होंने विधायक निधि से कंप्यूटर दिलाने, चहारदीवारी के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। संपर्क मार्ग के जीर्णशीर्ण हालत में होने की जानकारी पर उन्होंने पांच सौ मीटर मार्ग बनाने, विद्यालय भवन और छात्रावास धन नहीं मिलने के कारण अपूर्ण होने पर शीघ्र बनाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान पीटीए अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट, त्रिभुवन वर्मा, सुनील, प्रवीण कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम चंद्र, पूर्व प्रमुख ललित पाठक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश जोशी, बसंत लाल साह, भगवती मेहरा, नीमा परगांई आदि थे। इसके बाद उन्होंने जीजीआईसी गंगोलीहाट का भी निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने गोदाम घर से विद्यालय तक हल्का मोटर वाहन मार्ग बनाने, चहारदीवारी और एक प्रोजेक्टर देने का भी आश्वासन दिया। प्रधानाचार्य सुमित्रा बोनाल, खंड शिक्षा अधिकारी केके पंत आदि मौजूद थे।