पिथौरागढ़। घाट पंपिंग योजना की लाइन की मरम्मत का काम चलने के कारण शुक्रवार को नगर के कई हिस्सों में पेयजल सप्लाई ठप रही। घाट पंपिंग योजना से नगर के 60 फीसदी हिस्से में सप्लाई होती है। सुबह लोग नलों में पानी आने का इंतजार करते रहे। जब पानी की सप्लाई बंद होने की सूचना मिली तो लोगों ने सार्वजनिक स्टैंडपोस्ट और हैंडपंपों का रुख किया। जल संस्थान ने सड़क के किनारे स्थित मोहल्लों में टैंकरों से पानी का वितरण किया।
घाट पंपिंग योजना का पाइप पिछले हफ्ते फट गया था। इस कारण दो दिन तक सप्लाई बाधित रही। अब इस पाइप की सही तरीके से मरम्मत की जा रही है। जल संस्थान के अवर अभियंता सीएम चनकन्याल ने बताया कि पाइप लाइन की मरम्मत का काम अब पूरा हो गया है। शनिवार को सभी इलाकों में सामान्य रूप से पानी की सप्लाई होगी। वहीं, पेयजल सप्लाई लगातार बाधित होने से लोगों में गुस्सा है।
उनका कहना है कि यदि अभी से संकट की स्थिति आने लगेगी तो गर्मियों में लोग परेशान हो जाएंगे। नगर के लिए ठुलीगाड़ पंपिंग योजना से भी पानी आता है, लेकिन यह कुछ हिस्सों में ही पहुंचता है। लोगों की मुख्य निर्भरता घाट पंपिंग योजना पर है। बहरहाल, खड़कोट, सेरा, घंटाकरण, लुंठ्यूड़ा, जीआआईसी मोहल्ला में लोग शुक्रवार को पेयजल के लिए खासे परेशान रहे।