पिथौरागढ़। धारचूला के ब्लॉक प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर पांच नवंबर को चर्चा होगी। पुलिस ने चर्चा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध करने का फैसला लिया है। पांच नवंबर को धारचूला में तीन प्लाटून पीएसी के साथ सभी थानों का पुलिस बल तैनात रहेगा। इस बीच जिलाधिकारी सी रविशंकर ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के समय किए जा रहे इंतजामों के लिए शुक्रवार को बैठक बुलाई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सुयाल ने बताया कि पुलिस का जितना प्रबंध 12 अक्तूबर को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तिथि के समय किया गया था, उतना ही प्रबंध पांच नवंबर को भी रहेगा। 12 अक्तूबर को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो पाई थी। इस कारण प्रशासन ने नई तिथि तय की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान किसी प्रकार की अशांति पैदा न हो, इसका पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
इस बीच जानकारी मिली है कि कांग्रेस और भाजपा समर्थित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य चार नवंबर की रात धारचूला पहुंच जाएंगे और पांच नवंबर को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा तथा मतदान में भाग लेंगे। 12 अक्तूबर को चर्चा की तिथि स्थगित होने के बाद दोनों दलों के सदस्य धारचूला से इधर उधर चले गए थे। भाजपा ने अपने साथ 25 सदस्यों का और कांग्रेस ने 13 सदस्यों के समर्थन का दावा किया है। अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने के लिए तीन चौथाई सदस्यों के समर्थन की जरूरत रहती है। धारचूला क्षेत्र पंचायत में कुल सदस्यों की संख्या 38 है। इस दिलचस्प तरीके के घटनाक्रम पर सभी की नजर लगी हुई है।
इधर, जिलाधिकारी ने तीन नवंबर को इस संबंध में बुलाई बैठक में धारचूला के एसडीएम, सीओ और जिला पंचायतराज अधिकारी से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा है।