पिथौरागढ़/नाचनी। बारिश के दौरान आए मलबे से धारचूला-तवाघाट, थल-मुनस्यारी समेत कई मार्ग बंद रहे। मुनस्यारी के गोरीपार क्षेत्र को जोड़ने वाला जिमिघाट में बना लकड़ी का पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह धारचूला-तवाघाट मार्ग चार घंटे बंद रहा। क्वीटी-सैंणराथी सड़क पर बुधवार रात की बारिश से कई स्थानों पर मलबा गिर गया था। बृहस्पतिवार को अपरान्ह एक बजे सड़क पर यातायात बहाल हुआ। थल-मुनस्यारी सड़क रातीगाड़ के पास रात से बंद थी। सुबह करीब 8 बजे सड़क खुली। नाचनी-भैंसकोट, होकरा, नाचनी-बांसबगड़, बांसबगड़-कोटा सड़क पर मलबा गिरा है। गुरना-गोगिना सड़क बुधवार की शाम से बंद है। सड़क पर भारी मलबा गिरा है। साथ ही जिमीघाट पर बने लकड़ी के पुल के कई तख्ते टूट गए हैं। पुल क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
वहीं, बरसात में थल-मुनस्यारी मुख्य सड़क के साथ ही पिथौरागढ़-धारचूला सड़क पर मलबे के कारण यातायात बाधित होता रहता है। कैलाश मानसरोवर यात्रा इसी सड़क से संचालित होती है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने हाल में सड़क से जुड़े महकमों की बैठक लेकर संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी आदि आवश्यक उपकरण और कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए हैं।