मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। खेल निदेशालय के सौजन्य से खेल स्टेडियम में जिला स्तरीय सब जूनियर, कैडेट, जूनियर बालक वर्ग की ताइक्वांडो प्रतियोगिता शुरू हो गई है। सब जूनियर 25 किलो भार वर्ग में विण के सुमित चंद ने मूनाकोट के हर्षित बोरा को पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया
29 किलो भार वर्ग में मूनाकोट के निश्चय दरियाल ने डीडीहाट के राहुल चौहान को पराजित किया। 32 किलो भार वर्ग में स्टेडियम ट्रेनीज निकेश भंडारी ने स्टेडियम ट्रेनीज के ही मीताक्ष भारती को पराजित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मनोज सिंह रावत, धनी राम ग्वासीकोटी, त्रिभुवन सिंह डसीला, कमलेश मखोलिया, रवि पांडे, हेम पांडेय थे।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह लुंठी और पर्वतारोहण प्रशिक्षण केंद्र मुनस्यारी की विशेष कार्याधिकारी रीना कौशल धर्मशक्तू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में डीडीहाट, बेड़ीनाग, धारचूला, मूनाकोट, विण ब्लॉक के 91 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे है। उद्घाटन अवसर पर कैप्टन धरम चंद, जीत सिंह ज्याला, जुगल किशोर पांडे, जनार्दन उप्रेती, मनोज कुमार जोशी, जनार्दन वल्दिया, गिरीश पाटनी, मनोज पुनेठा, नीरज सौन, सुनीता मेहता रावत, सरोज आदि मौजूद थे। संचालन निर्मल किशोर भट्ट ने किया।