पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना का शुभारंभ करने पहुंचे वित्त मंत्री को उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर यूनियन ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। वित्त मंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाते ही प्रदेश सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए आशा कार्यकत्रियों ने प्रदर्शन किया।
संगठन जिलाध्यक्ष इंद्रा देउपा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। आरोप लगाया कि 24 घंटे की सेवा देने के बावजूद उनकी उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने विभिन्न मदों की बकाया धनराशि का भुगतान करने, सभी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने, अस्पतालों को पीपीपी मोड में नहीं डालने सहित नौ सूत्री मांगों पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल में मौजूद एडीएम आरडी पॉलीवाल ने आशाओं को समझाया। इसके बाद ही वह शांत हुईं।
ज्ञापन सौंपने और प्रदर्शन करने वालों में उपाध्यक्ष सीमा नगरकोटी, नीरू पाठक, हेमलता सौन, डीडीहाट ब्लॉक अध्यक्ष पिंकी कलौनी, निर्मला पाल, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, सरस्वती, भानवती, उमा कन्याल, रेनू दिगारी, कमला भट्ट, माधवी चौहान आदि शामिल रहे, प्रेमा खड़ायत, हीरा देवी, प्रतिमा देवी, चंद्रा भड़, कमला कन्याल, पुष्पा भड़, भागीरथी देवी, सुनीता मनौला, पुष्पा बोरा शामिल थीं।