मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे के अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर धुरातोली निवासी हवलदार दुर्योधन नेगी का मुनस्यारी पहुंचने पर जोहार क्लब के तत्वावधान में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बॉक्सर ने बच्चों को बॉक्सिंग के टिप्स देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
स्वागत समारोह में स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों द्वारा बैंड बाजे के साथ दुर्योधन को शास्त्री चौक से जोहार क्लब मैदान तक लाया गया। इस दौरान दुर्योधन के पिता रतन सिंह नेगी, एसडीएम केएन गोस्वामी, जोहार क्लब अध्यक्ष खुशाल धर्मशक्तू, केदार मर्तोलिया, गोकर्ण मर्तोलिया, भूपेंद्र जंगपांगी, रवि बृजवाल, मंगल जंगपांगी, बलवंत पांगती, विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य भगत सिंह बोरा, राजू पांगती, बसंती जोशी, गोकर्ण सुयाल आदि थे।
विवेकानंद विद्या मंदिर के पुरातन छात्र रहे दुर्योधन को प्रधानाचार्य ने शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पिछले दिनों पिथौरागढ़ में हुई टैलेंट हंट प्रतियोगिता में मेडल जीते खिलाड़ियों को बॉक्सर दुर्योधन ने प्रमाण पत्र बांटे।